भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव कारी नौसारा में नई बहू की खुशी में बुधवार शाम को हो रही हर्ष फायरिंग में एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। जिंदा बचने की उम्मीद में परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में अब मंगलगीत के बाद मातमी सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव कारी नौसारा निवासी राजीव भांवरें डालकर नई-नवेली दुल्हन गांव लेकर पहुंचा था, तो परिवार में खुशी का माहौल था। महिलाएं मंगलगीत गा रहीं थीं। कुछ लोग लोग खुशी में फायरिंग करने लगे। इसी बीच एक गोली गांव के ही रेवती की 35 वर्षीय पत्नी तुलसी देवी के दाहिनी तरफ सीने में लग गई। इससे वह लहूलुहान हो गई वहीं गिर गई। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। फायरिंग करने वाले भी इधर-उधर हो लिए। लहूलुहान तुलसी देवी की मौके पर ही कुछ देर में सांसे थम गईं, लेकिन परिवार वाले जिंदा होने की उम्मीद में उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। सीओ सिटी सुमित शुक्ला ने बताया कि गांव में नई बहू आई थी। उसी की खुशी में फायरिंग के दौरान गोली महिला को लग गई। इससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। वैसे शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।