फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार की टक्कर से स्कूटी सवार दंपति की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
कार की टक्कर से स्कूटी सवार दंपति की मौत
विज्ञापन

शाहजहांपुर/निगोही। बीसलपुर रोड पर निगोही क्षेत्र में गुरुगवां के पास शनिवार शाम कार और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे स्कूटी सवार बीसलपुर निवासी दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बेटा मामूली रूप से घायल हो गया। उसे निगोही सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दोनों लोग सीतापुर से तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे।
पीलीभीत के थाना बीसलपुर के मोहल्ला दुबे निवासी सराफा व्यापारी 35 वर्षीय प्रवीण वर्मा उर्फ सोनू अपनी पत्नी रुचि उर्फ श्वेता वर्मा के साथ अपनी ससुराल सीतापुर के थाना महोली के बड़ागांव सास के दसवां संस्कार में शामिल होने शुक्रवार को स्कूटी से गए थे। साथ में तीन वर्ष का बेटा आनेंद्र भी था। शनिवार को तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर तीनों लोग स्कूटी से लौट रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे निगोही के गांव गुरुगवां के पास स्कूटी पहुंची, तभी सामने बीसलपुर की ओर से आ रही कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। मासूम बच्चे के साथ दंपति मय स्कूटी के सड़क किनारे खंती में जा गिरे। कार भी खंती में चली गई। घटना के बाद कार का चालक भाग गया। कुछ ही देर में राहगीरों और आस-पास खेतों में मौजूद लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर जब तक पुलिस व एंबुलेंस पहुंची, तब तक गंभीर रूप से घायल प्रवीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि श्वेता ने निगोही सीएचसी पहुंचने पर दम तोड़ दिया। मासूम बेटे को माथे पर चोट आई है। जानकारी मिलते ही बीसलपुर से मृतकों के परिजन भी आ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक दंपति के एक और छह वर्ष की बेटी काव्या है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी चालक प्रवीण हेलमेट लगाए थे।
विज्ञापन


बोली बहन, अभी तो सही सलामत गए थे भइया-भाभी
हादसे में पत्नी के साथ मौत का शिकार हुए प्रवीण की बहन अंजू लता शहर के मोहल्ला चौक में राहुल वर्मा को ब्याही हैं। प्रवीण ससुराल से लौटने के बाद कुछ देर को बहन के यहां भी रुके थे और यहां से होकर घर जा रहे थे। लगभग एक घंटे बाद जैसे ही प्रवीण की मौत की खबर बहन मंजू तक पहुंची तो वह कुछ पल को गुमसुम हो गई, फिर बोली, अभी तो भइया-भाभी को सही सलामत भेजा था। इसके बाद उसके रोने की आवाज सुनकर मोहल्ले में भी सन्नाटा पसर गया।

परिजन दुआ करते रहे, इधर टूट गई सांस की डोर
हादसे की खबर बीसलपुर पहुंची तो माता-पिता को मौत की जानकारी नहीं दी गई, केवल यह बताया गया कि प्रवीण और बहू श्वेता का एक्सीडेंट हो गया है, उन्हें चोटें आईं हैं, पोता ठीक है। इसके बाद तो माता-पिता बेटे और बहू व पोते की सलामती की दुआ मांगने लगे, लेकिन यहां तो सब कुछ खत्म हो चुका था। मौत को आखिर कब तक छिपा रखा जा सकता था, देर शाम जब मौत की खबर पहुंची तो दोनों बेसुध हो गए। प्रवीण पांच भाई बहन में दूसरे नंबर के थे। उनके बड़े भाईं प्रदीप, उनसे छोटे मोनू और एक भाई अनूप बरेली में यूपी 100 पर तैनात है। बहन अंजूलता शाहजहांपुर चौक में ब्याही है।



हादसे ने छीन लिया मासूमों के सिर से माता-पिता का साया
बीसलपुर (पीलीभीत)। शाहजहांपुर जिले के निगोही क्षेत्र में कार की टक्कर से बीसलपुर के मोहल्ला दुबे निवासी 35 वर्षीय प्रवीन पुत्र राजेंद्र और उनकी पत्नी रुचि की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया है। किसी ने बेटा खोया, तो किसी ने बहू। वहीं दो मासूमों के सिर से माता-पिता का साया भी उठ गया। शनिवार शाम को आई हादसे की खबर के बाद चीख पुकार मच गई। परिवार के सदस्य आनन-फानन में शाहजहांपुर को रवाना हो गए। घर पर मौजूद महिलाओं को उनके मरने की काफी देर तक जानकारी नहीं दी गई। आसपास के लोग दुखद पलों में परिवार को ढांढस बंधाने में पहुंच गए।
प्रवीन कुमार चार भाईयों में दूसरे नंबर के थे। उनका बड़ा भाई प्रदीप और दो छोटे भाई अनूप और मोनू हैं। इसके अलावा एक बहन मंजूलता है। प्रवीन की नगर में सर्राफा की दुकान है। उनके दो बच्चे पांच साल की बेटी काव्या और चार साल का बेटा अनंत है। सास के निधन के बाद तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम को प्रवीन, पत्नी रुचि उर्फ श्वेता और बेटे अनंत के साथ सीतापुर के बड़ागांव अपनी ससुराल गए थे। शनिवार शाम को तेरहवीं के बाद दंपति बच्चे संग स्कूटी से वापस घर के लिए निकले थे।
विज्ञापन

घर पर सभी उनका इंतजार कर रहे थे। इस बीच हादसे में दोनों की मौत की खबर पहुंची तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार की महिलाओं को हादसे में घायल होने की बात कहकर कुछ लोग शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गए। इधर, बाकी लोग महिलाओं और बच्चों को संभालते रहे। कुछ ही देर में इसकी भनक आसपास के लोगों को लगी, तो घर के बाहर भीड़ लगना शुरू हो गई और परिजनों को ढांढस बंधाया जाता रहा। दंपति की मौत के बाद दोनों मासूमों को लेकर हर कोई गमगीन दिखाई दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें