आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को किया लहूलुहान
प्रेमी को बचाने के चक्कर में पति से भिड़ गई महिला, प्रेमी बरेली में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
खुदागंज। आधी रात प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी को पति ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए पति ने प्रेमी को पीटकर लहूलुहान कर दिया। इस दौरान प्रेमी को बचाने के चक्कर में प्रेमिका अपने पति से भिड़ गई। इस पर मौका पाकर वह भाग निकला । प्रेमी का अब बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन बदनामी के डर से दोनों पक्षों ने आपस का मामला बताकर पुलिस को टाल दिया।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने अपने प्रेमी को मोबाइल पर कॉल करके आधी रात को अपने घर बुला लिया। जब प्रेमी महिला के घर पहुंचा तो उस समय उसका पति मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था। इसी मौके का फायदा उठाकर प्रेमी और प्रेमिका कमरे में बंद हो गए। अचानक आंख खुलने पर पति,पत्नी के कमरे के पास पहुंचा, तो उसे अंदर किसी और व्यक्ति के होने की आहट सुनाई दी। दरवाजे में धक्का दिया तो वह अंदर से बंद था। उसने पत्नी को आवाज देकर दरवाजा खोलने को कहा, तो इस पर वह गहरी नींद में सोने का बहाना करते हुए काफी देर तक बोली नही। इससे उसका शक गहरा गया और तेज आवाज में दरवाजा खटखटाया। इस पर पत्नी ने दरवाजा खोला तो उसका प्रेमी दरवाजे की ओट में हो गया। चौकन्ने पति से नजरे बचाकर वह दरवाजे की ओट से निकलकर जैसे ही भागने को हुआ, तभी महिला के पति ने उसे पकड़ लिया, फिर दोनों के बीच गुत्थमगुत्था शुरू हो गई। इसी दौरान महिला के पति ने प्रेमी के सिर पर कोई भारी चीज मार दी। इससे उसका सिर फट गया, तभी महिला भी अपने प्रेमी को बचाने के चक्कर में पति से भिड़ गई। इतने में मौका पाकर लहूलुहान प्रेमी भाग गया। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन दोनों पक्षों ने लोक लाज की दुहाई देकर पुलिस से मामला रफा-दफा करा दिया। वहीं लहूलुहान प्रेमी का बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।