निगोही (शाहजहांपुर)। दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने बेरोजगार युवक से एक लाख रुपये ठग लिए। युवक ने रुपये वापस मांगे तो उससे मारपीट की और धमकी दी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
निगोही थाने के गांव पिपरिया उदयभानपुर निवासी आलम पुत्र जामिन अली ने स्नातक किया था। कई जगह आवेदन करने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिला। इस दौरान आलम पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव रसयाखानपुर निवाी नफीस के संपर्क में आया। नफीस ने आलम को दुबई में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने की बात कही। उससे यह भी कहा कि मासिक 40 हजार रुपये वेतन मिलेगा। इसके लिए उसे एक लाख रुपये खर्च करने होंगे। आलम उसकी बातों में आ गया और एक लाख रुपये दे दिए। बकौल आलम रुपये लेने के बाद नफीस ने उसे दुबई भेज दिया। वहां उसे लेवर की नौकरी करनी पड़ी। इससे उसे मानसिक और शारीरिक परेशानियां हुईं। किसी तरह से वह दुबई से वापस आया। आलम का कहना है कि उसने नफीस से रुपये वापस मांगे तो उसने मारपीट करने के साथ धमकी दी। थाना पुलिस ने आलम की तहरीर पर धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।