जैतीपुर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव पीरी में बदमाशों ने मंगलवार सरेशाम एक युवक से बाइक छीन ली। इसके बाद उस गन्ने के खेत में ले जाकर जमकर पिटाई की। इसके बाद लुटेरे भाग निकले। पीड़ित की कॉल पर मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी भाग गए। पुलिस ने शराब के नशे में मारपीट का मामला बता रही है।
थाना बिथरी चैनपुर के गांव बहादुरपुर निवासी नन्हे लाल का पुत्र श्रीपाल अपनी बाइक से जैतीपुर क्षेत्र के गांव पीरी में एक भगत जी के घर गया था। मंगलवार करीब शाम करीब चार बजे घर लौटते समय रास्ते में पीरी गांव के निकट गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उसे रोका और बाइक की चाभी छीन लीष उसके विरोध करने पर बदमाशों ने उसके उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसे गन्ने के खेत में खींच ले गए। जहां उसकी बुरी तरह से पिटाई की। बदमाशों को लगा कि आसपास कुछ लोग मौजूद हैं, तो वह बाइक लेकर भाग निकले। बदमाशों के जाते ही बंधनमुक्त हुए पीड़ित ने यूपी 100 डायल को कॉल कर दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर ही पहुंच गई। सामने पुलिस को देख एक बदमाश बाइक लड़खड़ाते हुए गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया, बाकी तीन बदमाश मौका पाकर फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश से पुलिस ने थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम और अपने साथियों के नाम भी बताए हैं। वहीं कार्यवाहक थानाध्यक्ष मुखराम सिंह ने बताया कि बाइक लूट का मामला झूठा है। इन लोगों के बीच शराब के नशे में मारपीट हुई है। आरोपी शराब पिए हुए थे और उसने राहगीर से मारपीट कर दी। फिलहाल अभी मामले की जांच चल रही है। वहीं पीड़ित ने बाइक लूट की कोशिश की तहरीर दी है।