शाहजहांपुर। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर दहेज लोभी ससुरालियों ने विवाहिताओं की जान ले ली। मृतकों में एक विवाहिता का मायका अलीगढ़ में था। वहां से आए भाई व अन्य परिजनों को देखकर ससुराली मौके से भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मीरानपुर कटरा। अलीगढ़ के थाना देहली गेट के मोहल्ला इस्लामनगर शाहजमाल निवासी शाहिद्दीन ने बताया कि उसकी बहन 26 वर्षीय हिना का विवाह मीरानपुर कटरा के मोहल्ला कैरान बजरिया निवासी जावेद उर्फ बब्लू के साथ 18 मार्च 2017 को हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ससुराल के लोग बार-बार और दहेज की मांग करने लगे, जिसे वह और उसका परिवार समय-समय पर पूरा करने का प्रयास करता था। इसके बावजूद बहन को उसके पति, ससुर जमील अहमद, सास, ननद बेबी, देवर सुहेल दहेज के लिए मारते-पीटते थे। शनिवार देर शाम बहन की मौत की सूचना पर वह रविवार तड़के 4:30 बजे बहन की ससुराल पहुंचा तो देखा बहन का शव घर के अंदर कमरे में बेड पर पड़ा था। ऊपर पंखे से एक चुन्नी लटक रही थी। उसने बहन की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली
कलान। थाना अल्हागंज क्षेत्र के गांव रामपालपुर निवासी बालिस्टर ने बताया कि उसने 25 वर्षीय बेटी धनदेवी की शादी छह वर्ष पूर्व कलान क्षेत्र के गांव गोकुल नगरा निवासी वीरेश के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ससुराल वालों ने बाइक की मांग को लेकर धनदेवी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने पर पति वीरेश, सास गुड्डी देवी, ससुर रामबहोरन, देवर धर्मेंद्र, ननद नन्हीं देवी, भूरी ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। पड़ोसियों की सूचना पर रविवार सुबह करीब सात बजे बेटी की ससुराल पहुंचे पीड़ित पिता ने मामले की तहरीर दी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी कीमती(4) और छोटी बेटी काजल (1) है। घटना के बाद से ससुरालीजन भागे हुए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।