पुवायां (शाहजहांपुर)। बंधक भूमि का बैनामा करने और बाद में रुपये देने से इंकार कर देने के मामले में दो रिपोर्ट में तीन लोगों को नामजद कराया गया है।
गांव दिउरिया जसवंतपुर निवासी गुरुप्रताप सिंह ने बताया कि गांव पुनौती खुर्द निवासी अमृतपाल सिंह और हरदीप सिंह ने उसे बताया कि गांव में उनकी जमीन है। जमीन पर किसी प्रकार का कर्ज भी नहीं है। उक्त की बात पर भरोसा कर उसने 24 मार्च 18 को सारा भुगतान कर बैनामा करा लिया। दाखिल खारिज के समय उसे ज्ञात हुआ कि उक्त भूमि पहले से बंधक है। बिक्री आराजी में आरोपियों का रकबा मात्र 57 डिस्मिल है। उसने आरोपियों से संपर्क किया तो उसे कहा गया कि तीन माह में बैंक का कर्ज चुकता कर दिया जाएगा और उससे ली गई राशि वापस कर दी जाएगी।
बाद में 28 अगस्त को आरोपी उसके घर आए और गाली गलौज करते हुए कहा कि उन लोगों ने जान बूझकर उसके साथ जालसाजी की है और वह लोग न तो बैंक का कर्ज देंगे और न ही रुपये वापस करेंगे। उसने पुलिस को तहरीर दी लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों को पत्र देने पर भी कार्रवाई नहीं हुई तो उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गुरुप्रताप सिंह की ही ओर से ऐसे ही एक और मामले में पुनौती खुर्द कुलदीप सिंह की पत्नी सुखविंदर कौर और अमृतपाल सिंह के खिलाफ दूसरी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।