बंडा (शाहजहांपुर)। चकरोड की पैमाइश के दौरान जातिसूचक गाली गलौज किए जाने, मारपीट करने और अभिलेख फाड़े जाने के मामले में लेखपाल ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देवकली क्षेत्र के लेखपाल विक्रम सिंह चंद्रा ने पुलिस को बताया कि आठ जून को वह अधिकारियों के निर्देशानुसार देवकली के प्रधान पति और गांव के अन्य लोगों के साथ देवकली नभीची मार्ग पर स्थित चकरोड की पैमाइश करने गया था। यह चकमार्ग देवकली नभीची रोड पर गैस एजेंसी के पास है, जो उदयपुर खखरा संपर्क मार्ग में जाकर मिलता है। चकरोड का सीमांकन करते समय गांव देवकली के रामवीर सिंह और उनका पुत्र अभयराज मौके पर आ पहुंचे और उससे जातिसूचक गाली गलौज करने लगे।
विरोध करने पर उसे पीट दिया, जिससे उसे गुम चोटें आई हैं। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के आवेदन भी फाड़ डाले। उक्त ने धमकी दी कि फिर से पैमाइश करने आए तो जान से मार देंगे। ग्राम प्रधान पति, रोजगार सेवक और अन्य लोगों ने उसे बचाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और एससीएसटी एक्ट सहित कई धारा ओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।