तिलहर(शाहजहांपुर)। मंगलवार की देर रात थाना पुलिस ने 25 हजार के इनामी ऑटो लिफ्टर गैंग का सरगना वीरू को डेढ़ किलो चरस सहित भक्सी तिराहे हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही ऑटो लिफ्टर भाग खड़ा हुआ। उसे पकड़ने के दौरान थाने के एसआई संसार सिंह घायल हो गए उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर के मोहल्ला अजीजगंज निवासी वीरू बढ़ई पुत्र श्रीकृष्ण लंबे अरसे से जिले में बाइक चोरी के कार्य में संलिप्त है। इसके ऊपर तिलहर कोतवाली में दो और कांट थाना क्षेत्र में तीन सहित जनपद में अन्य कई मुकदमे दर्ज है। ऑटो लिफ्टर वीरू गिरोह का सरगना है। वह कई महीनों से फरार चल रहा था । पुलिस अधीक्षक ने अभी 10 दिन पहले वीरू की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
कोतवाल ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 11:15 बजे उपनिरीक्षक संसार सिंह और विनोद कुमार ने गश्त के दौरान भक्सी तिराहे से इनामी अपराधी वीरू बढ़ई को डेढ़ किलो चरस सहित गिरफ्तार कर लिया।