शाहजहांपुर। महानगर के एक डिग्री कॉलेज में बीएससी छात्रा/एनसीसी कैडेट से छेड़छाड़-अश्लीलता के दो दिन बाद मुख्य आरोपी एनएसयूआई जिलाध्याक्ष इरफान हुसैन की रंगबाजी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में उसके साथ दो अन्य लड़के भी छात्रा से उलझते दिख रहे हैं। इरफान हुसैन छात्रा को धमकी दे रहा है। बोल रहा है कि कॉलेज में तुम्हारा पहला साल है, गेट पहुंचना मुश्किल कर दूंगा। गौर करने वाली बात यह है कि छेड़छाड़ और रंगबाजी के इस वीडियो में कॉलेज प्रशासन के कई लोग भी दिख रहे हैं। इनमें कुछ इरफान की तरफदारी कर रहे हैं तो कुछ मामले को रफा-दफा कराने में लगे हैं। इस दौरान, छात्रा भी डटकर मुकाबला करती दिख रही है।
कॉलेज में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इरफान हुसैन ने अपने साथी शाहरोज, नदीम, कामरान के साथ शनिवार को छात्रा से न सिर्फ छेड़छाड़ की थी, बल्कि अश्लीलता करते हुए उसे धमकाया भी था। आरोपी और छात्रा अलग-अलग संप्रदायों के होने की वजह से मामला तूल पकड़ गया। पुलिस को नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों पर पाक्सो एक्ट भी लगाना पड़ा है। छेड़छाड़ की घटना के बाद छात्रा और आरोपियों के बीच हुई तकरार की किसी ने वीडियो क्लिप बना ली थी। मामले के तूल पकड़ने के साथ ही सोमवार को यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। वायरल हो रही वीडियो क्लिप में कोई छात्रा को यह भी हिदायत देता दिख रहा है कि तुम लड़की हो, लड़की जैसी रहो। इस दौरान छात्रा ने भी आरोपियों का डटकर मुकाबला किया। उसने भी काफी खरी-खरी सुनाईं। वीडियो में कुछ स्थानों पर आपत्तिजनक शब्द भी सुनाई दे रहे हैं। सोमवार को यह वीडियो पुलिस को भी मिल गई। इसके आधार पर भी आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। वीडियो में छात्रा से झगड़ रहे दो अन्य लड़कों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में दिख रहे लड़के नामजद आरोपी है या उनके अलावा कोई अन्य इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
दबंग इरफान के दो और साथियों के पते ट्रेस
शाहजहांपुर। कॉलेज कैंपस में छात्रा से छेड़छाड़, अश्लीलता करने और जान से मारने के आरोपी रंगबाज इरफान हुसैन का पता ट्रेस करने के बाद पुलिस ने उसके दो और साथियों के पते भी ट्रेस कर लिए हैं। हालांकि, तीसरे दिन भी नामजद तीसरे साथी का पता पुलिस ट्रेस नहीं कर सकी है। छात्रा से छेड़छाड़ का मुख्य आरोपी एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कांट के मोहल्ला मरहइया का रहने वाला है। उसका साथी कामरान शहर के मोहल्ला बाडूजई पेशावरी निकट विजया बैंक और नदीम उर्फ बब्बे छोटी लाइन के पास एमनजई जलालनगर का रहने वाला है। चौथे आरोपी सहरोज का पता अभी ट्रेस नहीं हो सका है। नदीम की लाल इमली चौराहे पर रेडीमेड दुकान है। पते ट्रेस होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी को आरोपियों और उनके रिश्तेदारों के घरों पर दबिश भी दी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। दबाव बनाने के आरोपियों के रिस्तेदारों को हिरासत में लिया गया है।
नामजद आरोपी इरफान हुसैन समेत उसके साथी नदीम और कामरान के पते ट्रेस होने के बाद इनकी तलाश में दबिशें दी गईं। रिश्तेदारों में भी छापामारी की जा रही है। सहरोज का पता अभी ट्रेस नहीं हो सका है। आरोपियों की सुरागरसी के लिए कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो में जो लड़के छात्रा से उलझते दिख रहे हैं यदि वह नामजद के अलावा होंगे तो तफ्तीश में उनकी भी पहचान कर उनके नाम भी रिपोर्ट में बढ़ा दिए जाएंगे।
-ब्रह्मपाल सिंह, सीओ सिटी