पति-ससुर समेत चार के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज
समझौते की बात नहीं मानने पर घर में घुसकर किया हमला
नगदी व जेवर भी लूट ले जाने का लगाया आरोप, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
शहर के मोहल्ला हुसैनपुरा में शुक्रवार रात एक मकान में घुसकर फायरिंग व लूटपाट के मामले में पुलिस ने विवाहिता के पति, ससुर और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले और लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की रिपोर्ट विवाहिता के मां की तहरीर पर दर्ज की गई है।
मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी कैलाश की पत्नी सरोजा देवी ने तीन साल पहले बेटी रश्मि उर्फ लक्ष्मी की शादी हरदोई के शाहाबाद निवासी सुभाष के साथ की थी। ससुरालियों ने उसे कम दहेज की खातिर घर से निकाल दिया, तब से लक्ष्मी मायके में रह रही है। इस पर ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया। शुक्रवार को मुकदमे की तारीख थी। ससुराल वाले मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे थे। इस पर उसने मना कर दिया। आरोप है कि देर रात 10:45 बजे लक्ष्मी के पति सुभाष अपने पिता सतीश व दो अज्ञात लोगों के साथ घर में घुस आए और समझौता की बात नहीं मानने पर उसे व बेटी को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में रखा सामान भी तोड़फोड़ दिया। फायर करने के साथ ही 50 हजार की नकदी व ढाई लाख के जेवर भी लूटकर ले गए। वहीं इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है।