पुवायां (शाहजहांपुर)। शनिवार की सुबह कुछ लोगों ने ठगी करने के आरोप में तीन युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और कंपनी के अधिकारियों से वार्ता करके दो दिन में कागजात दिखाने की शर्त पर छोड़ दिया।
पुवायां कसबे के कुछ लोगों के पास कई दिन से नौकरी दिलाने के लिए फोन आ रहे थे। फोन करने वाली युवतियों की ओर से उन्हें अपना ऑफिस पुवायां में ही बताया जा रहा था, लेकिन लोगों के पता करने के बाद भी उन्हें कहीं भी कार्यालय नहीं मिल पा रहा था। शनिवार की सुबह नगर की तीन छात्राएं शाहजहांपुर रोड स्थित कौशल विकास मिशन केंद्र पर जा रही थी। इस दौरान रास्ते में तीन युवतियों ने उन्हें रोका और 15 हजार रुपये जमा करने के बाद हर माह 11 हजार रुपये की सेलरी पर नौकरी दिलाने की बात कही। छात्राएं उनकी बात को सुनकर अपने केंद्र पर पहुंची और केंद्र संचालक को मामले से अवगत कराया। केंद्र संचालक ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए युवतियों को रोक लिया और पुलिस के आने पर तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने युवतियों से पूछताछ की तो उन्होंने खुद को खीरी जनपद के गोला निवासी बताते हुए कंपनी के बारे में जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी की कंपनी के अधिकारियों से वार्ता कराई। जिस पर कोतवाली प्रभारी ने कंपनी के अधिकारियों से संबंधित अभिलेख दो दिन में नहीं दिखाने पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहते हुए युवतियों को थाने से छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि अगर कंपनी अपने साक्ष्य नहीं दिखाती है तो मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।