बंडा (शाहजहांपुर)। एक किशोरी तीन दिन से प्रेमी के घर डटी है। कहती है कि यदि प्रेमी ने उससे शादी नहीं की तो वह जान दे देगी। घर से भगाए जाने के बावजूद चौखट नहीं छोड़ने पर लड़की की उसके प्रेमी की बहनों ने मंगलवार को पीट कर सिर फोड़ दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बावजूद पुलिस कान में तेल डाले बैठी है। लोगों का कहना है कि अगर इस मामले में पुलिस गंभीर नहीं हुई तो कोई बड़ी वारदात हो सकती है।
क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी तीन दिन से प्रेमी के घर डेरा जमाए हुए है। उसका आरोप है कि प्रेमी उसे उसके घर से ले गया था। तीन दिन तक बाहर रखने के बाद गांव चलकर शादी कर लेने की बात कहते हुए वापस ले आया। कई दिन इंतजार किया लेकिन जब प्रेमी ने वादा नहीं निभाया तो वह तीन दिन पूर्व प्रेमी के घर आ गई थी। प्रेमी के घर वाले उसकी शादी नहीं होने दे रहे हैं। किशोरी का कहना है कि वह तीन दिन से बिना अन्न, जल के बैठी है। शादी नहीं हुई तो प्रेमी के घर पर ही जान दे देगी।
इस मामले में पहले दिन यूपी-100 का वाहन गांव गया ्और किशोरी को समझाकर उसके घर पहुंचा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद किशोरी फिर से प्रेमी के घर आ गई थी। इसके बाद से पुलिस ने मौके पर जाने की जरूरत नहीं समझी है। किशोरी के प्रेमी के घर बैठे होने के कारण लड़की और लड़के पक्ष में तनाव है। किशोरी के परिवार के लोग खुद को बेहद शर्मिंदा भी महसूस कर रहे हैं। इससे ऑनर किलिंग या दोनों पक्षों के बीच बलवा आदि होने की आशंका से बनी हुई है। मंगलवार को प्रेमी युवक की बहनों और भाई ने किशोरी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसका सिर फट गया और किशोरी लहूलुहान हो गई, लेकिन इसके बाद भी पुलिस की चुप्पी से तमाम तरह की चर्चाएं हैं।
भाई बोला, बहन को घर में नहीं घुसने देंगे
बंडा। एक तरह प्रेमी के घर डटी किशोरी कह रही है कि प्रेमी से शादी नहीं होेने पर वह जान दे देगी तो दूसरी ओर प्रेमी युवक के परिवार के लोग शादी को तैयार नहीं हैं। प्रेमी के परिवार वालों की पिटाई से किशोरी को काफी चोटें भी आई हैं। उधर, किशोरी के भाई का कहना है कि बहन के कारण उन लोगों की काफी बदनामी हो चुकी है। वह बहन को अपने घर में नहीं घुसने देगा। बंडा एसओ महेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर आदि नहीं मिली है।