पुवायां (शाहजहांपुर)। एक युवक से ठगों ने क्रेडिट कार्ड की डिटेल पूछकर उसके खाते से 27 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद युवक को ठगे जाने का पता चल सका। उसने पुलिस को तहरीर दी है।
गांव चौसेड़ा निवासी रामरतन लाल ने पुलिस को बताया कि सात मार्च को उसके मोबाइल पर काल आई। काल करने वाले ने बताया कि वह बैंक से बोल रहा है। उसका क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है। कमांड चालू रखना है तो उसे अपडेट कराना होगा। उसके हां करने पर फोन करने वाले ने उससे कार्ड से संबंधित तमाम जानकारी हासिल कर ली और फोन काट दिया। दोपहर बाद उसके मोबाइल पर खाते से 27 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का मैसेज आया तो उसे ठगी का पता चल सका। रामरतन लाल के अनुसार उसने अपना कार्ड बंद कराया और जिस नंबर से फोन आया था उस पर बात की तो उसे बताया गया कि 24 घंटे में उसके खाते से कम हुई राशि वापस जमा हो जाएगी, लेकिन शुक्रवार तक रुपये खाते में वापस नहीं आए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।