पुवायां (शाहजहांपुर)। बोरिंग का वॉल गहराई में ले जाने के लिए खोदे जा रहे गड्ढे में मिट्टी की ढांग गिरने से एक श्रमिक की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तिलहर का रहने वाला था। सूचना से मृतक के घर कोहराम मचा गया। मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है, लेकिन कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
तिलहर के गांव बिहारीपुर मुड़िया निवासी 22 वर्षीय रविंद्र के फूफा महेंद्र कश्यप पुवायां के गांव उदना में रहते हैं। रविंद्र फूफा के बुलावे पर चार दिन पूर्व उदना आया था और सोमवार को गांव उदना के ही रमेशचंद्र के खेत में बोरिंग का वॉल गहराई में ले जाने के लिए मजदूरी पर गड्ढा खोदने गया था। सोमवार शाम को गड्ढे के अंदर काम करते समय अचानक मिट्टी की ढांग उसके ऊपर आ गिरी। साथी श्रमिकों ने शोर मचाया तो खेत स्वामी सहित तमाम लोग मौके पर पहुंचे और मिट्टी को हटाकर रविंद्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रविंद्र की मौत की जानकारी उसके घर वालों को दी गई तो भाई राजपाल कश्यप मौके पर पहुंचा और रात लगभग दस बजे पुलिस को सूचना दी। राजपाल ने तहरीर में किसी पर आरोप न लगाते हुए भाई की मिट्टी से दबकर मौत हो जाने और पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया है। मंगलवार को शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। राजपाल भी रात में ही गांव उदना से शाहजहांपुर के लिए चला गया। मृतक की शादी नहीं हुई थी। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि रविंद्र की मौत के मामले में उसके भाई राजपाल ने पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार के लोगों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व जितेंद्र मोहन सिंह ने बताया कि रविंद्र श्रमिक था। इस कारण और कोई योजना नहीं जिससे उसके परिवार के लोगों को लाभान्वित किया जा सके। उसे आम आदमी बीमा योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए संबंधित तहसीलदार और एसडीएम रिपोर्ट भेजेंगे।