प्रेम प्रसंग में कभी प्रेमी तो कभी प्रेमिका के जान देने के तमाम किस्से हैं। जिले में कुछ वर्षों में कई प्रेमी युगल परिवारवालों की बंदिशों के कारण जान दे चुके हैं। कई मामलों में एकतरफा प्यार में प्रेमी ने प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। अधिकांश मामलों में दोनों ही पक्षों की ओर से कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। कुछ प्रमुख घटनाएं इस प्रकार रहीं हैं।
वर्ष 2015 में शहर के बाडूजई मोहल्ले में युवक ने प्रेमिका को उसके घर में गोली मारी। फिर खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी।
वर्ष 2016 में शहर के मोहल्ला कच्चा कटरा में होमगार्ड ने डेढ़ साल पहले प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद गोली मारकर अपनी भी जान दे दी।
20 मार्च 17 : जलालाबाद के चंदौरा बहादुरपुर गांव में लालू नाम के युवक ने शिवानी को गोली मारी, फिर गोली मारकर अपनी भी जान दे दी।
21 मार्च 17 : रोजा के बनतारा गांव में रेलवे लाइन के पास पुवायां के बड़ागांव निवासी पूजा को फिरोज नाम के युवक ने गोली मारी, फिर अपनी भी जान दे दी।
25 मार्च 17: बंडा के गांव मोहद्दीनपुर में एक महिला और उसके प्रेमी ने नदी के किनारे जहरीला पदार्थ खा लिया था। दोनों को अस्पताल लाया गया, पर मौत हो गई।
05 मई 17 : जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव गौला में प्रेमी युगल ने पहले शादी रचाई, फिर जहरीला पदार्थ खाकर दोनों ने जान दे दी।
08 मई 17 : बंडा के एक गांव में प्रेमी युगल की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
31 जुलाई 17 : खुटार के गांव रौतापुर कलां में प्रेमी युगल के शव हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर लटके मिले। दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
26 अगस्त 17 : बंडा के एक गांव की युवती की प्रेम प्रसंग के कारण दूसरी जगह शादी कर दी गई। गौना न होने के कारण वह मायके में थी। प्रेमी के साथ देख परिवार वालों ने प्रेमी को पीटा तो उसने जहर खाकर जान दे दी। बाद में युवती ने भी जहर खाकर मौत को गले लगा लिया।
09 सितंबर 17 : बंडा के एक गांव में घर से फरार होने का प्रयास कर रहे प्रेमी युगल को प्रेमिका के परिवार वालों ने पकड़ लिया। शुक्रवार दोपहर प्रेमी ने फांसी के फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना प्रेमिका को मिली तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई।
27 मार्च 18 : पुवायां के गांव लखोहा में 18 वर्षीय प्रेमिका को सुरजीत ने गोली मारकर घायल कर दिया और मकान से दो सौ कदम की दूरी पर खुद गोली मारकर जान दे दी।
07 अप्रैल 2018: शहर के मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी दरोगा भोंदें खां की बेटी सना की उसके ही प्रेमी अरशद ने कोचिंग से लौटते समय रामनगर कॉलोनी में गोली मारकर हत्या कर दी।
24 जून 2018: शहर के मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी दरोगा भोंदे खां की पत्नी जाहिदा के अपने बहनोई से संबंध थे, विरोध करने पर पत्नी ने ही भाड़े पर दो लोगों को बुलाकर हत्या करा दी।