शाहजहांपुर। थाना रोजा पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत रोजा मंडी के पास एक ट्रक में 464 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की हैं। इस दौरान शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बरामद की गई शराब की कीमत 28 लाख रुपये बताई गई है।
थानाध्यक्ष जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ रविवार तड़के गश्त पर थे, तभी सूचना पर मंडी समिति के पास एक ट्रक (संख्या पीबी 46 के 979)को पकड़ा। जिसमें शराब की पेटी भरी थीं। यह शराब दूसरे राज्य से खरीद कर लाई गई थां। पुलिस टीम को देखकर चालक और शराब तस्कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से ब्रांडेड अंग्रेजी शराब कंपनी की 464 पेटी बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद की गई शराब की कीमत 28 लाख बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर धोखाधड़ी व आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्कर जिले में शराब खपाकर मोटी कमाई करने के इरादे से शराब दूसरे राज्य से लेकर आए थे। वहीं एसपी डॉ. एस चन्नपप्पा ने शराब बरामद करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।