क्रय केंद्र पर किसानों से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
आढ़तियों सहित पांच नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर।
मंडी समिति परिसर में लगे सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों पर गेहूं तुलवाने आए किसानों के साथ रविवार की रात हुई मारपीट, मोबाइल छीनने व लूट के मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने आढ़तियों के पांच सगे संबंधियों को नामजद करते हुए एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ पीटने व लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव दियाखेड़ा निवासी सरदार रविंद्र सिंह ने सोमवार को थाना पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि रविवार की रात लगभग 10 बजे वह अपने साथियों के साथ मंडी समिति स्थित क्रय केंद्रों पर ट्रॉली में भरकर गेहूं तुलवाने लाया था। आरोप है कि जब वह ट्रॉली से अपना गेहूं उतार रहा था। इसी दौरान एक दर्जन से अधिक लोग वहां आए और गाली गलौज कर डीएम से शिकायत करने पर गुस्सा जताय। कहा अब उनका गेहूं क्रय केंद्र पर नहीं तोला जाएगा। आरोप है कि इसी बीच उक्त लोगों ने साथ आए त्रिलोचन सिंह से हाथापाई कर दी। विरोध करने पर सभी लोग हमलावर हो गए। वादी का आरोप है कि इस बीच दयाराम और गुरुदीप ने अपने सेलफोन से घटना की वीडियो क्लिप बनानी शुरू कर दी, जिस पर हमलावर और अधिक उग्र हो गए। उन्होंने दयाराम का मोबाइल छीन लिया। गुरदीप का मोबाइल और सोने की चेन तोड़ दी। 8790 रुपये लूट लिए। शोर शराबा सुनकर आसपास के तमाम लोग दौड़ पड़े। इस बीच हमलावरों ने जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आढ़तियों के सगे संबंधी राजीव उर्फ राजू , संजीव, सचिन, दीपक और बृजेश गुप्ता सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।