गंगसरा/पुवायां (शाहजहांपुर)। गांव गंगसरा में रविवार तड़के चार बजे हैंडपंप से पानी पी रहे छात्र पर एक दुकानदार ने ईंट से हमला कर दिया। छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, छात्र के पक्ष के लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना के बाद भी गश्ती पुलिस और कोतवाली पुलिस चार घंटे बाद मौके पर पहुंची।
गंगसरा की पूर्व प्रधान रामसहेली का 16 वर्षीय बेटा शरद यादव रोजाना सुबह टहलने जाता है। रविवार सुबह चार बजे भी वह गांव के आले नबी, अमित शर्मा, छुटल्ले आदि के साथ खुटार रोड पर घूमने निकला। इस बीच वह रोड के किनारे गांव गंगसरा के ही नन्हे कश्यप की मछली शॉप पर लगे हैंडपंप से पानी पीने लगा तो दुकान में लेटे नन्हे कश्यप ने उस पर ईंट से प्रहार कर दिया। ईंट शरद की नाक पर लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसके दोस्त उसे बेहोशी की हालत में उठाकर घर ले गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई और तमाम लोग नन्हे की दुकान पर जा पहुंचे। छह बजे तक पुलिस नहीं पहुंची तो लोगों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने खुद ही नन्हे को पीटना शुरू कर दिया। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने नन्हे को बचाया और धर्मकांटे की कोठरी में बंद कर उसकी जान बचाई। इसके बाद सात बजे गश्ती पुलिस का एक सिपाही और यूपी-100 पुलिस मौके पर पहुंची। नौ बजे कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और नन्हे को कोतवाली लाई। उधर, घायल शरद को शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की अभी तहरीर नहीं दी गई है। नन्हे का कहना है कि शरद उसकी दुकान के पास शौच कर रहा था। मना करने पर गाली गलौज करने लगा। इस पर उसने डराने के लिए ईंट फेंक दी जो शरद की नाक पर लग गई।
छिटपुट मामला हुआ था। घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। छात्र पर हमला करने वाले को पकड़ लिया गया है।
हरीश राजपूत कोतवाली प्रभारी पुवायां