खुटार (शाहजहांपुर)। रविवार की दोपहर आपसी कहासुनी होने के बाद पति ने फावड़े से हमला करते हुए पत्नी को घायल कर दिया। हालत गंभीर होने के कारण महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीलीभीत जनपद के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव केसरपुर निवासी आरिफ खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी बहन रेशमा का निकाह गांव टाह खुर्द कलां निवासी साजिद के साथ किया था। ससुराल में उसकी बहन के साथ आए दिन मारपीट होती थी तो वह अपनी बहन को घर लिवा ले गया। इसके बाद टाह खुर्द कलां के कुछ लोग गए और लिखित समझौता कराकर बहन को फिर से ससुराल ले आए। रविवार को उसे फोन पर जानकारी मिली की बहन रेशमा को ससुराल वालों से जमकर मारपीट की है और जान से मारने के लिए गला दबा दिया है। वह मरणासन्न हालत में पड़ी हुई है। इसके बाद वह गांव पहुंचे और बहन को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आरिफ की तहरीर के आधार पर घायल महिला के पति साजिद, देवर राशिद, सोनू, मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।