फोटो-40,चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान
कांग्रेस नेता के घर लाखों का डाका, चोरी में रिपोर्ट दर्ज
खटखटाकर खुलवाया दरवाजा, वृद्ध मकान स्वामी को बना लिया बंधक
पौत्र परिवार के साथ छत पर बने कमरे में सोता रहा, नहीं हो पाई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र के गांव पराझरसा में शुक्रवार रात कुछ लोग कांग्रेस नेता के घर घुस गए और वृद्ध मकान स्वामी को बंधक बनाकर नकदी सहित लाखों का जेवर लूट ले गए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट चोरी की धारा में दर्ज की है। बदमाशों की संख्या आठ बताई जा रही है।
गांव पराझरसा निवासी यूथ कांग्रेस लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुभव द्विवेदी शुक्रवार रात वह पत्नी सोनाक्षी और डेढ़ वर्ष की बेटी जान्हवीं के साथ छत पर बने कमरे में सो गए। बाबा रामसरन लाल नीचे सोए हुए थे। रात लगभग 1:30 बजे रामसरन को दरवाजे पर खटखटाने की आवाज सुनाई दी। इस पर उन्होंने बिना आवाज दिए जैसे ही दरवाजा खोला, तभी अचानक आठ लोग घर में घुस पड़े और वृद्ध रामसरन लाल को दबोच लिया। वह शोर मचाते, तब तक उनकी कनपटी पर बदमाशों ने तमंचा सटा दिया और जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद बदमाशों ने नीचे बने कमरों को खंगालना शुरू कर दिया। कमरे में रखे बक्से व अलमारी का लॉक खोलकर बदमाशों ने 2.38 लाख की नकदी और जेवर, बर्तन, कीमती साड़ियां आदि सामान लूट लिया। इसी बीच हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई तभी बदमाश लूटा गया सामान लेकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद बाबा ने शोर मचाया तब अनुभव को जानकारी हुई। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग भी जाग गए और काफी देर तक हो हल्ला मचाते रहे लेकिन तब तक बदमाश दूर निकल चुके थे। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस ने मनमानी तहरीर लिखवाकर चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की सुरागरसी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।