निगोही(शाहजहांपुर)। गांव अरेली में घर में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर गर्भावस्था के दौरान पति, सास, ननदोई ने मिलकर सात मई को पीटा था। इसी वजह से बहन की जान चली गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना बंडा क्षेत्र के गांव भौरखेड़ा जिगनिया निवासी रामचंद्र ने पुलिस को बताया कि 20 वर्ष पहले उसने अपनी बहन सरस्वती की शादी निगोही थाना क्षेत्र के गांव अरेली निवासी हीरालाल के पुत्र भारतराम के साथ की थी। शादी में दिए गए दहेज से पति भारत राम, सास नन्ही देवी, ननदोई पोशाखी लाल संतुष्ट नहीं थे, इसलिए और दहेज की मांग को लेकर यह तीनों बहन को प्रताड़ित करते रहते थे। कई बार ससुराली उसकी बहन को मायके में छोड़ गए। भाई ने बताया कि उसकी बहन आठ माह के गर्भ से थी। सात मई को उसकी बहन को तीनों ने लाठी-डंडों से पीटा। पिटाई से आईं चोटों के कारण बृहस्पतिवार को प्रसव को दौरान उसकी बहन व नवजात की मौत हो गई। भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सरस्वती के शव का पीएम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने पर जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दलबीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक