जलालाबाद (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव झौहना में होली पर रंग वाले दिन हमलावरों से भाई दिनेश को बचाने के दौरान घायल हुए 40 वर्षीय रामनिवास ने शनिवार सुबह बरेली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस इस घटना में मृतक के भाई की ओर से चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज चुकी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि दर्ज मामले को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर दिया गया है। बरेली में पोस्टमार्टम के बाद शव देर शाम गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
होली पर रंग वाले दिन करीब 11 बजे क्षेत्र के गांव झौहना में दिनेश आदि ढोल नगाड़ा बजाकर मौज-मस्ती कर रहे थे, इसी दौरान शराब के नशे में वहां पहुंचे गांव निवासी प्रभुदयाल ने गाली-गलौज शुरू कर दी थी। इसके बाद प्रभुदयाल गांव के ही अपने साथी धनीराम, जोगेंद्र व रामचंद्र के साथ लाठी-डंडे लेकर दिनेश के घर पहुंच उसपर हमला बोल दिया था। इस दौरान दिनेश के भाई रामनिवास (42) व उसके बेटे जागेश्वर के सिर में पत्थर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में रामनिवास के भाई अनंतराम की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया था। गंभीर रूप से घायल रामनिवास की हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था, जहां शनिवार सुबह पांच बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी सुखरानी के अलावा पांच बच्चे हैं। जिनमें चार बेटे व एक बेटी है। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अब दर्ज मामले को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर दिया जाएगा।