शाहजहांपुर। चाइनीज मांझे की चपेट में आकर थाना सदर बाजार की अशफाकनगर चौकी का सिपाही तौसीम हैदर घायल हो गया। उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सिपाही तौसीम हैदर चीता नंबर 10 पर रात ड्यूटी कर रहे थे। रात करीब 11 बजे मोहल्ला हाथीथान में गश्त के दौरान चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। इसके चलते उनकी बाइक स्लिप होकर गिर पड़ी। हादसे में पीछे बैठा कप्तान सिंह भी घायल हो गया। आनन-फानन में सिपाही को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बता दें कि प्रशासन की लाख कवायद के बाद भी चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक नहीं लगाई जा सकी है। इसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं।