पुवायां। शुक्रवार दोपहर एक सूचना ने पुलिस में खलबली मचा दी। एक युवक ने कॉल कर पत्नी के फंासी पर लटक जाने की जानकारी देकर पुलिस से मदद मांगी तो इंस्पेक्टर कई पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे। घर में पति पत्नी सकुशल मिले तो पुलिस ने चैन की सांस ली।
शुक्रवार दोपहर गांव हरदुआ निवासी नीरज कुमार ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी 25 वर्षीय सरिता देवी ने कमरे में फांसी लगा ली है। उसने पुलिस से मदद की गुहार की तो पुलिस में खलबली मच गई। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह फोर्स के साथ हरदुआ में नीरज के घर पहुंचे तो नीरज और उसकी पत्नी आंगन में एक दूसरे से बात करते हुए मिले। घर का माहौल भी सामान्य था। पूछताछ में नीरज ने बताया कि पत्नी सरिता से कहासुनी होने पर सरिता ने कमरे में घुसकर अंदर से कुंडी बंद कर ली थी, उसने सोचा कि सरिता फांसी पर लटक गई है, जिस कारण उसने फोन कर दिया। वहीं सरिता बोली उसके और पति के बीच इस तरह का विवाद तो रोजा होता है, इसमें पुलिस का क्या काम है।
झूठी सूचना से नाराज कोतवाली प्रभारी ने पति, पत्नी को कोतवाली ले चलने को कहा तो सरिता महिला सिपाही के पैरों में लिपट गई और कहा कि उसे और उसके पति को छोड़े जाने पर ही वह पैर छोड़ेगी। इस दौरान मौके पर गांव के लोगों की भारी भीड़ लग गई। नीरज के गलती की माफी मांगने पर पुलिस वापस लौट आई। मामले को लेकर गांव में खूब चर्चा रही।