शाहजहांपुर। चौक कोतवाली के मोहल्ला रोशनगंज में रास्ते के निकास को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक पक्ष की ओर से हत्या के प्रयास आदि धारा में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अन्य आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
मोहल्ला रोशनगंज निवासी रामू सोमवार को सुबह नौ बजे बिल्डिंग मैटेरियल का सामान लेकर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में आशीष जोशी का चाट का ठेला खड़ा था। उसने ठेला हटाने को कहा तो दोनों में निकास को लेकर गाली-गलौज होने लगी। इसी बीच आशीष के पक्ष में विनीत, अनुज समेत तीन लोग और आ गए। इससे विवाद कम होने के बजाय और भी बढ़ गया, फिर दोनों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि आशीष जोशी ने रामू पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिए। इसमें वह बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राकेश यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और उन्होंने एक आरोपी मोहल्ले के ही विनीत को पकड़ लिया। जबकि अन्य लोग भाग गए। इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि मामले में रामू की ओर से विनीत, आशीष, अनुज व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या प्रयास आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी विनीत का चालान कर उसे कोर्ट में पेश किया गया है। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।