पिता-पुत्रों सहित छह लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज
तिलहर(शाहजहांपुर)। गांव त्रिलोकपुर निवासी रघुवीर की मौत के मामले में उसके भाई बलवीर ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाते हुए छह लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यहां बता दें कि 22 दिसंबर को सुबह तड़के पुलिस को राजन पुर रोड पर थाना मदनापुर के गांव त्रिलोकपुर निवासी रघुवीर यादव बाइक सहित सड़क पर पड़ा मिला था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने रघुवीर को मृत घोषित कर दिया था। मृतक के भाई बलवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 दिसंबर को सुबह लगभग 10 बजे उसके घर पर गांव निवासी विशेष कुमार आए और रघुवीर सिंह को अपने साथ तिलहर ले जाने को कहकर बुला ले गए। शाम तक रघुवीर घर नहीं पहुंचा तो बलवीर ने विशेष कुमार के घर जाकर पता किया तो वह भी घर पर नहीं मिले। गांव में भी काफी तलाश की और रिश्तेदारी में जानकारी की तब सोनपाल व इंद्रपाल निवासी गांव मुड़िया नारायन ने बताया कि तुम्हारे भाई रघुवीर सिंह को हम लोगों ने तुम्हारे ही गांव के विशेष कुमार व राजेंद्र सिंह,अजय सिंह,अमित सिंह, संजय सिंह, अनूप सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गांव हरिउरा थाना कांट के साथ शाम के वक्त तिलहर में देखा था।
आरोप है कि सोनपाल के बताने पर वह दोबारा विशेष कुमार के घर गया फिर भी वह घर पर मौजूद नहीं मिले और उनके घरवालों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद गांव हरिउरा गया वहां पर उपरोक्त लोग अपने घरों से फरार थे। बलवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि हरिउरा गांव के लोगों ने मेरे भाई रघुवीर सिंह पर लगभग एक वर्ष पहले भी जानलेवा हमला करते हुए पैर काट डाला था जिसका मुकदमा थाना कांट में दर्ज कराया था। आरोप है कि उसके भाई रघुवीर सिंह की उपरोक्त लोगों ने आपस में मिलकर पुरानी रंजिश के तहत हत्या कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विशेष कुमार निवासी तिलोकपुर, राजेंद्र सिंह और उसके चार पुत्रों अजय सिंह, अवनीश सिंह, संजय सिंह व अनुज सिंह के विरुद्ध धारा 147, 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।