शाहजहांपुर। पुवायां-शाहजहांपुर रोड पर शनिवार दिनदहाड़े मुर्छा मोड़ पर सराफा व्यापारी से हुई लाखों की लूट मामले में लुटेरों का पुलिस दूसरे दिन भी पता नहीं लगा पाई है। पेशेवर अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालकर लुटेरों की सुरागरसी की कोशिश की जा रही है। वहीं एसपी केबी सिंह ने लूट की घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गौहरपुरा मिशन फील्ड निवासी अमित वर्मा को शनिवार सुबह 11 बजे थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव मुर्छा मोड़ के पास दो बाइक पर सवार चार लोगों ने रोक लिया था और उनके पास से 4.20 लाख कीमत का सोना और 1200 रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया था। सिंधौली पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों का सुराग लगाने का आश्वासन दिया, लेकिन पुलिस दूसरे दिन भी लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस पेशेवर अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालकर लुटेरों की सुरागरसी में लगी है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि यदि लुटेरों का सुराग लगाकर घटना का जल्द पर्दाफाश नहीं किया गया तो वे लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं एसपी केबी सिंह ने भी घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द लुटेरों की सुरागरसी लगाकर घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए हैं।