शाहजहांपुर। मजदूरी के बहाने लेकर गए कुछ लोगों को ठेकेदार और उसके साथियों ने कथित तौर पर नेपाल में बेच दिया। जहां उन्हें जबरन रोक कर रखा गया है। मजदूरों के परिवार के लोगों ने मंगलवार को एएसपी ग्रामीण को पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
थाना तिलहर क्षेत्र के गांव विकरनपुर निवासी श्यामबहादुर, शिवचरन लाल ने एसपी को दिए गए पत्र में कहा है कि उनके परिवार के मिंटू, भगवानदास, पृथ्वीराज, मगरेलाल, बवलेश, रामकिशोर, महेश, विश्राम, नक्षत्रपाल, रामऔतार, राधेश्याम, को मजदूरी दिलवाने के बहाने छह माह पहले निगोही के गांव जठियापुर निवासी युवक अपने साथियों के साथ बुला ले गए थे। होली का त्योहार नजदीक आने पर जब परिवार के सदस्य वापस नहीं आए तब चिंता हुई। जो लोग उनके परिवार के सदस्यों को मजदूरी के बहाने ले गए थे। आरोप है कि उन लोगों से जानकारी की तो वह लोग मारपीट पर उतारू हो गए और कहा कि उन्हें नेपाल में एक ईंट भट्ठे पर बेच दिया है। पीड़ित परिवार की महिलाओं ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और नेपाल में जबरन रोके गए परिवार के सदस्यों को छुड़वाए जाने की मांग की है। एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।