पुवायां (शाहजहांपुर)। पेस्टीसाइड्स कंपनी के कर्मचारी से 61 हजार रुपये लूट के मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बुधवार को भी घटना स्थल का मुआयना किया।
गांव बहादुरपुर बुजुर्ग निवासी प्रदीप सिंह एक पेस्टीसाइड्स कंपनी में कर्मचारी हैं। मंगलवार शाम को वह वसूली करने के बाद घर जा रहे थे। गांव ढकिया की पुलिया के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें डंडे से प्रहार कर गिरा दिया था और 61 हजार रुपये, कुछ कागजात आदि लूट लिए थे।
प्रदीप की सूचना पर पुलिस ने रात में ही घटना स्थल का निरीक्षण किया था और बाइकों की चेकिंग भी की थी लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका था। प्रदीप की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। बुधवार को पुलिस फिर से घटनास्थल पर पहुंची और जानकारियां जुटाईं। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। ब्यूरो