निगोही(शाहजहांपुर)। एसडीएम तिलहर ने रास्ते में बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। चालक के खिलाफ खनन अधिनियम आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं एसडीएम की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। नदी किनारे खनन काम में जुटे माफिया भाग गए।
तिलहर एसडीएम मोईन-उल-इस्लाम निगोही क्षेत्र के गांव दियूरिया दलबल के साथ एक मामले की जांच करने जा रहे थे। वह कैमुआ नाले पर पहुंचे ही थे, तभी सामने से रेता भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। इस पर उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली को रोके जाने का संकेत किया, पर चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय उसकी गति और तेज कर दी। इसके बाद तिलहर एसडीएम ने साथ में चल रही टीम ने पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। तिलहर एसडीएम की तहरीर पर पुलिस ने गांव गांगेपुरा निवासी वीरेंद्र उर्फ धर्मपाल पर धारा 420, 467, 468, 471, 421 बालू खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि थाना क्षेत्र में गर्रा नदी किनारे बसे गांव चक बरैचा, भूडख़ेरा, निवाड़ी, बिरसिंगपुर व कठिना की कुकहा महमूदपुर, चमरूआ, भरतापुर, ऊनकलां, धुल्लिया, जिन्दपुरा, इदारतपुर, तालगांव में अवैध रूप से बालू खनन हो रहा है।
पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट
कांट। नगर के मोहल्ला पट्टी पूर्वी निवासी रुखसार पत्नी मजीद ने कोर्ट के आदेश पर सैयदबाड़ा निवासी रजिया और उनके पति शबाब के खिलाफ धोखाधड़ी आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने छह माह पूर्व फर्जी तरह से उसके मकान का बैनामा करा लिया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो