मीरानपुर कटरा(शाहजहांपुर)। विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार महिला की मौत फेफड़े की बीमारी से हुई है।
जिला बरेली के थाना भुता के गांव अंगदपुर निवासी जमुना प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने पुत्री नीलम (30) वर्ष की शादी करीब दस साल पहले थाना भुता के गांव जगनेश निवासी राम सिंह पुत्र झांझन लाल के साथ की थी। आरोप है कि नीलम करीब चार साल पहले पति को छोड़कर मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव कमलापुर निवासी जानकी प्रसाद उर्फ कल्लू पुत्र सुखराम के साथ रहने लगी,उससे इसका एक दो वर्षीय पुत्र भी है। शनिवार को उसे सूचना मिली कि उसकी बेटी बीमार चल रही है और जानकी प्रसाद उर्फ कल्लू उसका इलाज कराने बरेली स्थित एक अस्पताल में ले गया था जहां उसकी रात में मौत हो गई। इस पर वह लोग उसकी बेटी का शव लेकर गांव आ गए। बेटी की मौत का सही कारण जानने के लिए उसका पोस्टमार्टम कराना जरूरी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।