शाहजहांपुर। जलालाबाद इलाके के गांव नयागांव गुलड़िया में एक युवक का शव अंगोछा के सहारे नीम के पेड़ से लटका मिला। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। चचेरे भाई ने युवक की हत्या करने के बाद शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।
थाना परौर क्षेत्र के गांव बम्होरा केमूल निवासी संदीप तिवारी कस जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव ढका ताल्लुके उजेरा के एक परिवार में आना-जाना था। करीब आठ महीने पहले संदीप अपना घर छोड़कर ढका जाकर उसी परिवार में रहने लगा। संदीप की शादी नहीं हुई थी। उसने अपने हिस्से की सात बीघा जमीन उसी परिवार की दो महिलाओं के नाम कर दी थी, ढका गांव के जिस परिवार में वह रहता था। इससे उसके बाकी सगे और नयागांव में रहने वाले चचेरे भाई नाराज हो गए। उन सभी ने संदीप से संबंध खत्म कर लिए थे।
चचेरे भाई सत्येंद्र ने बताया कि संदीप जिस परिवार में रहता था पहले वे लोग उसका बहुत ख्याल रखते थे। मगर जमीन नाम कर देने के बाद से वे लोग संदीप से छुटकारा पाना चाहते थे। पिछले कई दिनों से संदीप इधर-उधर भटकता रहता था। सत्येंद्र के मुताबिक सोमवार रात उन्हें संदीप के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। उसने इसकी जानकारी संदीप के भाइयों और थाना पुलिस को फोन पर थी। मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे नयागांव के कुछ लोग अपने खेतों की ओर गए। तभी राकेश के खेत में खड़े नीम के पेड़ से अंगोछा के सहारे संदीप का शव लटक देखा। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ अरविंद कुमार और थाना प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने शव नीचे उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन के मुताबिक संदीप के शव के नाजुक अंगों के पास खून निकल रहा था। गर्दन और शरीर पर चोटों के निशान दिख रहे थे।
सीओ अरविंद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।