शाहजहांपुर। एंबुलेंस से मरीज ले जाने की आड़ में शराब की तस्करी कर रहे पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 71 पेटी शराब बरामद हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
एसओजी टीम और सदर बाजार थाने की पुलिस को मुखबिर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस ने पुवायां रोड पर निगोही बाइपास पर घेराबंदी कर ली। बुधवार की रात लगभग डेढ़ बजे एक एंबुलेंस को शक के आधार पर रोका। चेकिंग में उसमें 62 पेटी शराब बरामद हुई। एंबुलेंस में बैठे सतीश और दिनेश निवासी ग्राम भदाना थाना सदर जिला सोनीपत, हरियाणा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एंबुलेंस के साथ चल रही एक बोलेरो कार को भी पुलिस ने रोककर तलाशी ली तो उसमें नौ पेटी शराब मिली। पुलिस ने बोलेरो में बैठे विक्रम निवासी राजपुर थाना बढ़ी जनपद सोनीपत, बलवान सिंह निवासी हरिनगर कालोनी थाना मॉडल टाउन, पानीपत और यदुवीर निवासी रवाण्डा थाना खरखौदा जिला सोनीपत, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 338 फर्जी बारकोड, दो तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद हुआ। सभी के खिलाफ थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एंबुलेंस में लगी रहती थी फर्जी नंबर प्लेट
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जहां शराब बेचने जाते थे वहीं आसपास के किसी जिले की फर्जी नंबर प्लेट एंबुलेंस में लगा लेते थे। एंबुलेंस में लाल-नीली बत्ती जलाकर और गाड़ी के हरे पर्दे बंद कर लेते थे ताकि पुलिस को लगे कि एंबुलेंस में मरीज जा रहा है। एंबुलेंस को जल्दी पुलिस वाले न रोकते हैं और न चेक करते हैं। इसी का फायदा उठाकर लंबे समय से तस्करी कर रहे थे।
मेन रोड की जगह लिंक रोड से की जाती थी तस्करी
एंबुलेंस के साथ-साथ बोलेरो गाड़ी भी चलती थी, जिसमें कुछ शराब की पेटियां पार्टी को दिखाने के लिए रख लेते थे। तमंचा और चाकू भी साथ रखते थे। शराब की बोतल में फर्जी बारकोड लगा देते थे ताकि खरीदने वाली पार्टी को लगे कि शराब अच्छी गुणवत्ता की है। इससे अच्छे दाम मिल जाते थे। तस्करी के लिए मेन रोड की जगह लिंक रोड पकड़ते थे जहां चेकिंग कम होती है। बुधवार को शराब को हरियाणा से बिहार लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में पुलिस ने पकड़ लिया।
पांच तस्करों को पुलिस ने 71 पेटी शराब के साथ पकड़ा है। बरामद शराब की कीमत लगभग दस लाख रुपये है। आरोपियों से पूछताछ कर पूरे गैंग का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
-एस आनंद, एसपी