शाहजहांपुर। दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल में सताई जा रही विवाहिता वहां से अचानक लापता हो गई। बेटी का मोबाइल फोन कई दिन स्विच ऑफ रहने पर पिता उसकी ससुराल पहुंचे तो दामाद ओर उसके घरवालों ने ठीक से बात तक नहीं की। चौक कोतवाली में तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर विवाहिता के पिता ने पुलिस कार्यालय मेें एसपी के नाम प्रार्थना पत्र देकर बेटी की हत्या कर लाश गायब कर दिए जाने का आरोप लगाते हुए उसकी तलाश कराने की गुहार लगाई है।
कांट क्षेत्र के गांव मुड़िया आस निवासी रतीराम परिवार की आजीविका के लिए बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। उन्होंने प्रार्थना पत्र में कहा है कि बेटी रंजना की शादी नौ मई 2014 को थाना चौक कोतवाली के मोहल्ला बिजलीपुरा के एक युवक से की थी। अपना पुश्तैनी खेत बेचकर हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया, लेकिन बेटी की ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं हुए और मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाकर बेटी को प्रताड़ित करने लगे। बेटी से फोन पर सारी जानकारी मिलने पर उन्होंने रंजना की ससुराल जाकर दामाद और उसके घरवालों को समझाने की चेष्टा की, लेकिन उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर उसे जान से मार देने की धमकी दी।
रतीराम के अनुसार गत 27 जून से रंजना का मोबाइल फोन बंद है और इससे अनहोनी की आशंका होने लगी। गत 30 जून को बेटी की ससुराल जाने पर वह नहीं मिली। पूछने पर ससुराल वालों ने संतोषजनक उत्तर देने के बजाय कहा कि वह कहीं चली गई है और उसे वह भी ढूंढे। रिश्तेदारियों में खोजबीन करने पर भी बेटी का सुराग नहीं लगा तो चौक कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द कोई कार्रवाई नहीं होने पर वह परिवार सहित आत्मदाह करने को मजबूर हो जाएंगे। संवाद