पुवायां (शाहजहांपुर)। खुटार के गांव मुरादपुर स्थित एस्सार पंप के सेल्समैन अजय प्रकाश का भतीजा नैमिष भी दो माह से लापता है। नैमिष के परिवार के लोगों ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। अजय प्रकाश इस मामले में पैरवी भी कर रहा था। ऐसे में अंदेशा जाहिर किया जा रहा है कि अजय प्रकाश की हत्या का मामला नैमिष के गायब होने से तो नहीं जुड़ा है?
सेल्समैन अजय प्रकाश का परिवार पहले खुटार के ही गांव सीतापुर में रहता था। बाद में कुछ लोग गांव सीतापुर के पास ही गांव कढ़ैया में आकर रहने लगे। अजय प्रकाश भी परिवार सहित गांव कढ़ैया में आकर रहने लगा था। उधर गांव सीतापुर में रहने वाले अजय प्रकाश के चचेरे भाई जसकरन का पुत्र नैमिष उर्फ अमर सिंह 18 मई को घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा। नैमिष के परिवार के लोगों ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसके अपहरण का आरोप लगाया था, लेकिन खुटार पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। पुलिस अभी तक नैमिष का पता नहीं लगा सकी है।
नैमिष के गायब होने के मामले में गांव की ही एक किशोरी के पिता पर भी आरोप लगे थे। बताया जाता है कि नैमिष का पता लगाने के लिए अजयप्रकाश भी काफी सक्रिय रहा था। इससे कुछ लोग उससे खुन्नस मानने लगे थे। बाद में एक जुलाई से पेट्रोल पंप पर नौकरी करने के कारण अजय प्रकाश नैमिष के मामले में पैरवी नहीं कर पाया। गांव में कुछ लोग अजय हत्याकांड को इस मामले से भी जोड़कर देख रहे हैं।
नैमिष के पिता जसकरन ने बताया कि चचेरे भाई अजय प्रकाश की हत्या के बाद अब उनको अपने गायब पुत्र नैमिष के साथ भी अनहोनी की आशंका सता रही है।
सेल्समैन हत्याकांड : चौथे दिन भी पुलिस खाली हाथ
पुवायां। सेल्समैन की हत्या में पुलिस अब तक हत्यारों की पता नहीं लगा सकी है। सर्विलांस टीम भी इस मामले में अब तक पुलिस की कोई मदद नहीं कर पाई है।
गौरतलब है कि खुटार के गांव मुरादपुर स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के सेल्समैन अजय प्रकाश की 20 जुलाई की सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पंप के दूसरे सेल्समैन ईश्वरी दयाल के अनुसा बदमाशों ने बाइक में एक हजार रुपये का पेट्रोल डलवाया था और रुपये मांगने पर अजय प्रकाश के सीने में गोली मार दी थी। ईश्वरी दयाल की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस और एसओजी टीम शुक्रवार को पीलीभीत क्षेत्र से कुछ लोगों को थाने लाई है। उनसे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक हत्यारों के बारे में कोई क्लू हाथ नहीं लगा सका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अजय प्रकाश के परिवार के लोगों से भी जानकारी जुटाकर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जाता है कि घटना के समय संबंधित मोबाइल टावर के आसपास 40 से 50 फोन की लोकेशन मिली है। सर्विलांस टीम मोबाइल फोन के जरिए भी बदमाशों का पता लगाने में जुटी है, लेकिन अब तक कोई खास सफलता हाथ नहीं लग सकी है। खुटार पुलिस के अनुसार मामले में जांच चल रही है। जल्द ही खुलासा भी किया जाएगा।
लखीमपुर और पीलीभीत पर फोकस
पेट्रोल पंप सेल्समैन हत्याकांड में पुलिस जनपद लखीमपुर और पीलीभीत के पुराने बदमाशों पर फोकस कर रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस टीमें लखीमपुर और पीलीभीत गई थी। शुक्रवार को भी पुलिस टीम पीलीभीत गई और वहां से कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है।
पुलिस सेल्समैन हत्याकांड के खुलासे के लिए प्रयास कर रही है। जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर पूरी गहनता और गंभीरता से जांच कर रही है। -एस आनंद, एसपी, शाहजहांपुर