खुदागंज। गांव शहजादपुर में जितेंद्र की पत्नी ललिता देवी (25) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बंडा थाना क्षेत्र के बेला बेली गांव निवासी रामदेव की बेटी ललिता की शादी 2017 को खुदागंज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव के निवासी जितेंद्र पुत्र कुनेंद्र पाल के साथ हुई थी। ललिता देवी का पति जितेंद्र दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। लॉकडाउन के चलते नौकरी छोड़कर एक साल से घर पर ही रहा था। पिता रामदेव का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उसकी पुत्री को मारते-पीटते थे। दहेज के लिए उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था।
चाचा अनिल यादव ने बताया कि दहेज के लिए ही बुधवार को उसकी भतीजी को पीट कर फंदे से लटका दिया गया। परिवार के लोगों ने भतीजी की मौत की सूचना तक नहीं दी। गांव के ही लोगों से सूचना मिलने पर मायके वाले ललिता के घर पहुंचे तो उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। ललिता का एक दो साल का बेटा है। थाना प्रभारी निरीक्षक वकार अहमद खान का कहना है कि पिता के आरोप पर पति जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी। इसके बाद पीड़ित परिवार की तरफ से जो भी प्रार्थना पत्र आएगा, उस पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।