शाहजहांपुर। मतदान के दौरान बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधान के घर वोट डलवाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बना रहे छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए वोट डलवाकर प्रत्याशी को जीत दिलाना चाहते थे। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, प्रिंटर और 15 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद शुक्रवार को सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
रोजा थाना क्षेत्र के गांव सरही निवासी किशनपाल के घर बृहस्पतिवार को पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूर्व प्रधान किशनपाल के घर छापा मारकर छह युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में रविंद्र, विमल, अमन, उर्वेश, रोहित और काशीराम शािमल हैं। सभी आरोपी सरही गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, एक प्रिंटर और 15 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले आरोपी गांव एक प्रत्याशी को जिताने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनाकर उनके समर्थन में वोट डलवाना चाहते थे। पुलिस ने गिरफ्तार छह आरोपियों से पूछताछ की तो पूर्व प्रधान किशनपाल का नाम सामने आया। पुलिस ने पूर्व प्रधान किशनपाल के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है। पकड़े गये सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
फर्जी मतदान होने की है आशंका
मतदान के दौरान फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले छह युवकों की गिरफ्तारी के बाद आशंका जताई जा रही है कि सरही गांव में जमकर फर्जी मतदान हुआ है। आशंका है कि पकड़े जाने से पहले आरोपियों ने बड़ी तादाद में फर्जी आधार कार्ड बनाए होंगे, जिनका इस्तेमाल मतदान के लिए आईडी के रूप में किया होगा।
मुखबिर की सूचना पर एक घर से छह लोगों को फर्जी आधार कार्ड बनाते गिरफ्तार किया है। उनके पास 15 फर्जी आधार कार्ड बरामद किये हैं। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया है।
संजय कुमार, एसपी सिटी