तिलहर। पूर्व विधायक अहिबरन लाल वर्मा के भतीजे गांव राजूपुर निवासी राजीव वर्मा की हत्या के मामले में दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पूर्व विधायक अहिबरन लाल वर्मा के भतीजे गांव रजुआपुर उर्फ राजूपुर निवासी राजीव वर्मा की जमीन के विवाद में दबंगों ने घर के बाहर खींच कर बंदूक की बटों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी थी। इस घटना में राजीव का भतीजा अवधेश वर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। भतीजे की ओर से पड़ोसी गांव खिरियामाल के 13 लोगों को नामजद करते हुए 17 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। घटना के बाद शव के गांव पहुंचने पर परिजन और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था जिसके बाद दीवान नरेंद्र चौहान को निलंबित कर दिया गया था। कोतवाली पुलिस इस मामले में 7 आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है । प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस टीम ने उनके नेतृत्व में नामजद आरोपी प्रतिपाल निवासी खिरिया और वीरेंद्र उर्फ मदन निवासी गांव राजूपुर को उनके ही घरों से गिरफ्तार कर लिया। बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।