भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा में मामूली बात पर बवाल हो गया। दबंगों ने व्यापारी के घर में पथराव और फायरिंग की। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पहुंची लेकिन आरोपी फरार हो गए। घटना की तहरीर दे दी गई है लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के चमकनी गाड़ीपुरा निवासी रामसरन मोहल्ले में परचून दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह नौ बजे वह कहीं काम से जा रहे थे। तभी उनके ऊपर अचानक पानी के छींटे आकर गिरे। उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके ऊपर वहीं के एक दुकानदार ने पानी का कुल्ला कर दिया। इसको लेकर दोनों में विवाद होने लगा तो आसपास के लोगों ने दोनों को अलग कर दिया। इसके करीब 20 मिनट बाद आरोपी दुकानदार अपने तीनों बेटे व साथियों समेत रामसरन के घर जा धमका और दरवाजा पीटने लगा। रामसरन ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए करीब पांच राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग होने पर आसपास वाले अपने घरों में घुस गए और दरवाजे बंद कर लिए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एहतियात के तौर पर मोहल्ले में पुलिस लगा दी गई है। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है लेकिन देर शाम तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।