बंडा। गांव गढ़िया रसूलपुर निवासी सौरभ सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम वह बंडा में एक पेट्रोल पंप पर डीजल लेने गया था। सेल्समैन ने डीजल कम दिया तो उसने विरोध करते हुए निर्धारित डीजल देने को कहा। इस पर सेल्समैन गाली गलौज करने लगा। विरोध पर दूसरा सेल्समैन भी आ गया और दोनों ने युवक को डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
सौरभ ने गांव जाकर मामले की जानकारी दी तो गांव के कई लोग पंप पर आ पहुंचे। इस बीच सेल्समैन ने पंप मालिक को फोन कर बुला लिया। उसकी सूचना पर पुलिस पहुंची और दो लोगों को पकड़कर थाने ले आई। उधर, सौरभ तहरीर देने पहुंचा तो पुलिस ने उसे भी थाने में बैठा लिया। जानकारी मिली तो गांव के लोगों में रोष फैल गया। गांव के कुछ लोग थाने भी पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अभी किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।