रोजा। लखनऊ में आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे अप और डाउन लाइन पर रेल यातायात बाधित हो गया। रोजा से आरटी को आलमनगर भेजा गया, लेकिन देर शाम तक ट्रेनों का संचालन सुचारु नहीं हो सका। मंगलवार शाम साढ़े चार बजे रोजा में अचानक खतरे के सायरन बजने से रेल कर्मचारियों में खलबली मच गई। कुछ ही देर में सभी कर्मचारी स्टेशन पहुंच गए, जहां आलमनगर में मालगाड़ी के डिब्बों को पटरी से उतरने की जानकारी मिली। इसके बाद आरटी को आलमनगर के लिए रवाना किया गया। वहीं क्रॉसओवर पर मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने की वजह से अप लाइन की राज्यरानी, पंजाब मेल, किसान एक्सप्रेस, डुप्लीकेट आदि ट्रेनें लखनऊ में खड़ी कर दी गई, जबकि डाउन की अवध असम एक्सप्रेस हरदोई में खड़ी रही।