शाहजहांपुर। आरपीएफ ने ट्रेन के फर्जी टिकट बनाकर बेचने वालों की धरपकड़ तेज कर दी है। मंगलवार को आरपीएफ ने एक दिन पहले मुरादाबाद से आई टीम के साथ अभियान चलाया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मंगलवार को थाना सदर बाजार के मोहल्ला ताजूखेल स्थित खजूर वाली मस्जिद के पास एक दुकान पर छापा मारा गया। जहां पर फर्जी तरीके से टिकट बनाकर बेचे जा रहे थे। आरपीएफ ने दुकान संचालक मुलायम सिंह को दबोच लिया। उसके पास से आठ फर्जी टिकट भी मिले। दुकान से लैपटॉप, प्रिंटर आदि सामान भी जब्त कर लिया गया। इसी तरह से सोमवार को भी आरपीएफ व मुरादाबाद से आई टीम ने कार्रवाई की थी। इंस्पेक्टर नरवीर सिंह ने बताया कि सोमवार को सुनहरी मस्जिद के पास स्थित साईं साइबर से राजन नाम के युवक को पकड़ा गया है, जबकि दुकान स्वामी दीपक गुप्ता फरार हो गया। उसको भी वांछित किया गया है। साईं साइबर पर पकड़े गए युवक के पास से चार अवैध टिकट बरामद हुए। उसका लैपटॉप और प्रिंटर भी सीज कर दिया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। टीम में एसएसआई पवन कुमार, हेड कांस्टेबिल राजीव, कांस्टेबिल धर्मवीर शामिल रहे।