पुवायां (शाहजहांपुर)। दिल्ली से श्रमिकों को देने के लिए रुपये लेकर चले एक श्रमिक ठेकेदार से बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। 30 अगस्त तड़के हुई घटना की तहरीर शनिवार को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुवायां के गांव अगौना बुजुर्ग निवासी रामेंद्र कुमार उर्फ पिंटू ने बताया कि दिल्ली में जल बोर्ड में ठेकेदारी का काम करता है। वह जल बोर्ड को श्रमिक उपलब्ध कराता है। 29 अगस्त को उसने बोर्ड से एक लाख रुपये लिए और श्रमिकों को देने के लिए घर चला था। दिल्ली में ट्रेन से साढ़े नौ बजे चलने के बाद वह सुबह तीन बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर उतरा और वहां से एक मैजिक से पुवायां पहुंचा। पुवायां से गांव के लिए सवारी नहीं मिलने के कारण वह पैदल ही घर को चल दिया। 30 अगस्त की सुबह लगभग साढ़े चार बजे के करीब पुवायां जेबां मार्ग पर पुवायां के पूरब पहुंचते ही पीछे से अपाचे बाइक से दो बदमाश आए और उसके पास बाइक रोक कर एक बदमाश ने तमंचा तानकर शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी दी।
बदमाश ने उसके सीने पर तमंचा सटा दिया और रुपयों वाला बैग छीन लिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। जेब में रखा उसका मोबाइल भी लूटने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। बमुश्किल वह घर पहुंचा और परिवार के लोगों को लूट की जानकारी दी। तबीयत खराब हो जाने के कारण वह 30 अगस्त को पुलिस के पास नहीं आ सका। 31 अगस्त को रामेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और लुटेरों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।
पुवायां। रामेंद्र के अनुसार उससे एक लाख रुपये और मोबाइल लूटने वाले बदमाश युवा थे और स्थानीय भाषा बोल रहे थे। लूट के बाद भागते समय भी बदमाशों ने उसे शोर मचाने पर वापस आकर गोली मार देने की धमकी दी थी। इसके अलावा इतनी सुबह आसपास कोई भी नहीं दिखा जिस कारण उसने शोर नहीं मचाया। कुछ आगे चलने पर रास्ते में कुछ लोग मिले तो उसने लूट की बात बताई लेकिन उन लोगों ने भी कोई मदद नहीं की।
किसी ने इस तरह की न तो कोई तहरीर दी है और ही कोई फोन आदि से भी घटना के बारे में सूचना दी है। अगर घटना हुई है तो पीड़ित को मामले की जानकारी पुलिस को देनी चाहिए। मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
जसबीर सिंह, कोतवाली प्रभारी पुवायां