बंडा। फार्म हाउस पर रहकर मजदूरी कर रहे एक श्रमिक का शव खेत पर पड़ा मिला। किसान की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही श्रमिक की मौत का राज खुल सकेगा।
पीलीभीत जनपद के हजारा थाना क्षेत्र के गांव बिनोवा नगर निवासी विशाखा राम का 36 वर्षीय पुत्र तस्मीर सिंह बंडा के गांव पिपरिया मजरा में बलवंत सिंह के फार्म पर रहकर श्रमिक का काम करता था। सोमवार को किसान बलवंत सिंह ने पुलिस को सूचना देकर बताया कि श्रमिक तस्मीर सिंह का शव उसके खेत में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा मृतक के नाक व दाहिनी आंख से खून बह रहा था। उधर, मामले की जानकारी पाकर मृतक का भाई भजन सिंह भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मृतक के भाई भजन सिंह की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बंडा के इंस्पेक्टर हरपाल सिंह वालियान ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।