राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता वाहन को डीएम ने दिखाई हरी झंडी
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि जागरूकता रील, ड्रामा, थियेटर, स्लोगन व संदेश जैसे माध्यमों से बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
अटल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मृत्यु दोपहिया वाहन चालकों की होती है, जिनमें अधिकांश बिना हेलमेट वाहन चलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
इस नंबर पर उपलब्ध कराएं अपनी गतिविधि
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विद्यालयों से वीडियो, रील, ड्रामा, थिएटर, स्लोगन एवं संदेश जैसे माध्यमों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को 31 जनवरी के बाद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों की तैयार की गई गतिविधियों को मोबाइल नंबर 6387343153 पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, आईएमए के सचिव डॉ. संजीव कनौजिया, टीएसआई विनय पांडेय, एआरटीओ प्रवर्तन सर्वेश सिंह ने विचार रखे। अंत में प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अतिथियों ने रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।