शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमित मरीजों और मृतकों की तादाद लगातार बढ़ रही है। बुधवार को कोरोना से छह लोगों की मौत हो गई। जबकि 369 लोग संक्रमित मिले है।
हरदोई के शाहबाद निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति की तबियत बिगड़ने पर 26 अप्रैल को यहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। कोरोना जांच के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें ए लटू आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। इसी तरह मिर्जापुर क्षेत्र के रहने वाले 45 वर्षीय युवक को तबीयत खराब होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी जांच कराई गई तो रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें एलटू आईसोलेशन वार्ड में रखा गया था। जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। जैतीपुर क्षेत्र की रहने वाली 48 महिला को बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. डाक्टर एयूपी सिंहा ने बताया कि बुधवार को इलाज के दौरान छह कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर के अनुसार बुधवार को कोरोना संक्रमण के 369 नये मामले सामने आये हैं। अब तक जिले में 12594 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, जिनमें 4100 एक्टिव केस हैं।
कोरोना संक्रमित महिला समेत दो सिपाही चुनाव ड्यूटी पर रवाना
खुदागंज। यहां तैनात महिला समेत दोनों कांस्टेबल की जांच रिपोर्ट 22 अप्रैल को पॉजिटिव आई थी। मगर दोनों को चुनाव ड्यूटी पर भेज दिया गया है। पुलिस कर्मियों का कहना है कि दोनों कांस्टेबलों के ड्यूटी पर जाने से संक्रमण फैलने का खतरा है। बताया जाता है कि एक सिपाही ने बदायूं में अपनी एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कराई थी। जिनमें आरटीपीसीआर जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी।