शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गांवों में भी बढ़ी संख्या में मरीज सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज में आईसीयू और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था कर ली है। इन सबके बावजूद लोग लापरवाह बने हुए हैं। ऐसे में हालात भयावह होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। मंगलवार को 63 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जो छह माह में सबसे अधिक हैं। इधर पूरे जिले में 5393 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया।
सोमवार को 31 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। मंगलवार को 63 नए मरीज मिले। इनमें दिल्ली से आए दो लोग भी शामिल हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह ने बताया कि अब तक जिले में 7204 मरीज मिल चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 202 पहुंच गई है। लोग सावधानी बरतें। हालांकि कोरोना संक्रमण का बढ़ता खतरा देखकर एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। कोरोना संक्रमण की जांच कराने वाले लोगों की भीड़ सेंटर के बाहर लगने लगी है। कोरोना का टीका लगवाने के लिए भी लोग बड़ी तादाद में टीकाकरण सेंटर पहुंच रहे हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज ने कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए व्यवस्था चाकचौबंद करनी शुरू कर दी हैं।
मेडिकल कॉलेज में फिलहाल ये हैं व्यवस्थाएं
मेडिकल कॉलेज में सोमवार तक कोरोना संक्रमण के सिर्फ 12 मरीज भर्ती थे। कुछ ही घंटे के अंदर मरीजों की संख्या 19 हो गई। कोविड-19 आईसीयू वार्ड में 20 बेड हैं। जहां पर मरीजों को भर्ती किया जा रहा था। लेकिन अब 140 बेड का एलटू आइसोलेशन वार्ड खोल दिया गया है। जहां पर चार से पांच मरीजों को भर्ती भी कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर इस अस्पताल में दस बेड बढ़ाने की भी क्षमता है। कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में जूनियर रेजीडेंट (जेआर) डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। स्थिति को संभालने के लिए सीनियर डॉक्टरों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है। आईसीयू वार्ड में पहली शिफ्ट में चार नर्स, चार वार्ड ब्वाय और चार सफाईकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। दूसरी और तीसरी शिफ्ट में दो नर्स, दो वार्ड ब्वाय और दो सफाईकर्मी रहेंगे। इसी तरह एलटू सेंटर में भर्ती मरीजों के लिए पहली शिफ्ट में तीन स्टाफ नर्स, तीन वार्ड ब्वाय और तीन सफाईकर्मी रहेंगे। इसी तरह दूसरी और तीसरी शिफ्ट में दो नर्स, दो वार्ड ब्वाय और दो सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। मेडिकल कॉलेज के एलटू सेंटर में कोरोना संक्रमित मरीजों की जानकारी लेने के लिए मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। यहां पर एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाती है। हेल्प डेस्क के पास मरीजों को अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर, व्हीलचेयर का इंतजाम किया गया है।
तेज हुआ कोरोना टीकाकरण
पुराने जिला अस्पताल में टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। कोरोना से बचने के लिए लोग बड़ी तादाद में टीकाकरण सेंटर पर पहुंच भी रहे हैं। इसी तरह मेडिकल कॉलेज में न्यू ओपीडी में टीकाकरण सेंटर बनाया गया है। मेडिकल कॉलेज परिसर में कोरोना संक्रमण की जांच का सेंटर बनाया गया है। मंगलवार को पुराने जिला अस्पताल में भाजपा विधायक चेतराम ने टीकाकरण कराया। पूरे जिले में 5393 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है।
जमीन पर बैठकर इंतजार करता रहा बुजुर्ग
मोहल्ला चौभुरजी निवासी श्रीकृष्ण (60) पुराने जिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने अपना नाम और आधार नंबर लिखवा दिया। ज्यादा भीड़ होने के कारण श्रीकृष्ण एक घंटे से ज्यादा समय तक जमीन पर बैठकर टीका लगवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वहीं कांट कस्बे के रावतपुर निवासी मुबारक अली भी जांच कराने के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में बने जांच सेंटर पहुंचे। जहां पर अपना नंबर लगवाने के बाद अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
दो गज की दूरी की धज्जियां भी उड़ीं
जांच तो कोरोना संक्रमण की कराने आए थे लेकिन सेंटर के बाहर कई लोगों की भीड़ थी। इनके बीच दो गज की दूरी के नियम का पालन नहीं हो पा रहा था। ऐसे में जांच कराने के साथ कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा भी ज्यादा बढ़ जाता है।
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मेडिकल कॉलेज में सारे इंतजाम कर लिए गए हैं। 140 बेड का आइसोलेशन वार्ड भी खोल दिया गया है। कोरोना से बचना है तो मास्क लगाना, सैनिटाइजर से बार-बार हाथ धोना और दो गज की दूरी बनाना जरूरी है। - डॉक्टर एयूपी सिन्हा, सीएमएस
नगर निगम की ओर से शहर में चलेगा सैनिटाइजेशन अभियान
शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से एक बार फिर सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। शहर के सार्वजनिक स्थानों और कैंटेनमेंट जोन में सैनिटाइजेशन होगा। साथ ही घर के बाहर व बाजारों में बिना मास्क लगाए लोगों को जागरूक भी किया जायेगा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी गौतम ने बताया कि कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूकता अभियान लगातार जारी है। लोगों से मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने, हाथों को सैनिटाइज किए जाने को लेकर अपील कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण की दूसरी स्ट्रेन शुरू होने और संक्रमित लोगों के मिलने के बाद इस अभियान को फिर से तेज किया जाएगा। कंटेन्मेंट जोन में सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है तथा सार्वजनिक स्थानों पर भी होगा। अब तक उन स्थानों पर सैनिटाइजेशन किया जा रहा था, जहां से मांग की जा रही थी। बताया कि नगर निगम के पास सैनिटाइजेशन मशीन और सोडियम हाइपोक्लोराइड उपलब्ध है। जरूरत के हिसाब से टैंकर भेजे जाएंगे।
खुटार में चार लोग निकले कोरोना संक्रमित
खुटार/चांदपुर। खुटार के तिकुनियां चौराहे पर एक और गांव चांदपुर में तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक दिन में चार लोगों संक्रमित पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सतर्क हो गए हैं। गांव में 50 मीटर का एरिया सील कर दिया गया है।
गांव चांदपुर के कुछ लोगों की कोरोना जांच कर सैंपल लखनऊ भेजे गए थे। खुटार के भी लोगों के सैंपल लखनऊ गए थे। मंगलवार को आई रिपोर्ट में पता चला कि चांदपुर की 35 वर्षीय महिला और उसकी 20 वर्षीय ननद की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। एक अन्य 40 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को तिकुनियां चौराहा और दूसरी टीम को गांव चांदपुर भेजा गया। टीम ने चांदपुर से 52 और तिकुनियां चौराहे से 12 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। खुटार सीएचसी पर तैनात डॉ. आशुतोष चौहान ने बताया कि गांव और सीएचसी पर कुल 190 लोगों के कोरोना सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं।
पति-पत्नी समेत पांच लोग संक्रमित
शाहजहांपुर। जलालाबाद के मोहल्ला सुंदरनगर व रमजाननगर में पति पत्नी समेत कोरोना पाजिटिव निकले पांच लोगों को होम आइसोलेट रहने की सलाह देकर जिले के कोविड अस्पताल से घर भेज दिया गया। परंतु पॉजिटिव लोग घर पर न रहकर मोहल्ले व आसपास घूम रहे हैं। बीमारी फैलने के डर से मोहल्ले के लोग परेशान है। पांच जुलाई को सीएचसी पर एंटीजन जांच में नौ लोग करोना पॉजिटिव पाए गए थे। एसडीएम सौरभ भट्ट ने बताया कि इस मामले में सख्ती बरती जाएगी। कोविड संबंधी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करवाया जाएगा।
इस दिन इन्हें लगेगा टीका
डॉ. एस.पी गौतम मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 45 वर्ष से ऊपर वाले विशेष समूह के अंतर्गत आने वाले व्यक्तियों के टीकाकरण के लिए शासन से नई गाइड लाइन प्राप्त हुई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. लक्ष्मण सिंह ने बताया कि निर्धारित तिथि पर कोरोना टीकाकरण का कार्य संपन्न कराने के लिए प्रयास किये जाएंगे।
8-9 अप्रैल- पत्रकार, मीडिया संबंधित व्यक्ति एवं खुदरा एवं बड़े दुकानदार, 10 अप्रैल- बैंक एवं बीमा कर्मचारी, 12-14 अप्रैल-स्कूल एवं कॉलेज के शिक्षक। 15-16 अप्रैल- ऑटो रिक्शा बस, टैक्सी ड्राइवर, फेरी वाले एवं निर्माण कर्मचारी। 17-19 अप्रैल - अन्य सरकारी अधिकारी/कर्मचारी (फ्रंट लाइन वर्कर्स को छोड़कर)।, 20-21 अप्रैल -न्यायपालिका कर्मचारी एवं वकील।, 22-23 अप्रैल- निजी कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी।
मेडिकल कालेज में जांच कराने पहुंचे लोगों में नहीं दिखी दो गज की दूरी। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR