शाहजहांपुर के जिला अस्पताल मे कोरोना से हुई मौत के बाद शव को एंबुलेंस से ले जाती स्वास्थ्य विभाग ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जिले में कोरोना महामारी का कहर जारी है। शनिवार को शहर के जलालनगर दिलाजाक मोहल्ले में कोरोना से एक सराफा व्यापारी की मौत हो गई। वह 56 वर्ष के थे। खासबात यह है कि शनिवार सुबह उनकी जांच की गई थी और दोपहर करीब तीन बजे मौत हो गई। इधर, जिले भर में चल रही कोरोना जांच में कुल 66 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बेटे ने बताया कि पिता जी को शुक्रवार से सांस लेने में कुछ दिक्कत महसूस हो रही थी। इससे उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां शनिवार सुबह उनकी कोरोना जांच कराई गई, जिसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई। इसके बाद शाम को ही गर्रा मोक्षधाम पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि शनिवार को कराई गई जांच में 23 लोग पॉजिटिव निकले। इनके अलावा 43 लोग शुक्रवार देर रात आई रिपोर्ट में पॉजिटिव निकले थे। इस तरह कुल संक्रमितों की संख्या 66 रही। जिले में अब तक महामारी की चपेट में आने वालों की संख्या 4410 हो चुकी है, जिसमें 1728 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1577 होम क्वारंटीन पर हैं। इसके अलावा कुल 66 लोगों की मौत भी हो चुकी है।