बंडा। कोरोना संक्रमित युवक के परिवार और उनसे मिलने वाले 21 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने चैन की सांस ली है। आठ लोगों की रिपोर्ट पहले ही निगेटिव आ चुकी है।
गांव गुनाह खमरिया निवासी एक युवक का 29 मई को सैंपल लिया गया था। युवक दिल्ली से लखीमपुर स्थित ससुराल जाने के बाद 23 मई को घर आया था। 31 मई को युवक को कोराना संक्रमित पाए जाने के बाद इलाज के लिए ददरौल भेज दिया गया था और गांव को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया था। युवक के परिवार और उससे मिलने वाले 29 लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे। आठ लोगों की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई थी। शेष 21 लोगों की रिपोर्ट बृहस्पतिवार शाम को मिल गई। बंडा के सीएचसी प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि 21 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। युवक का अभी इलाज चल रहा है।
युवक का साला भी पॉजिटिव
गांव गुनहा खमरिया के युवक की ससुराल लखीमपुर के थाना हैदराबाद के गांव हरगोविंदपुर में है। युवक अपने साले और चचिया ससुर गांव बोझवा निवासी के साथ दिल्ली में काम करता है। गुनहा खमरिया का युवक अपने चचिया सुर के साथ पांच मई को हरगोविंदपुर आया था। जबकि युवक का साला बाद में आया था। गांव में क्वारंटीन रहने के बाद युवक 23 मई को अपने घर गांव गुनहा खमरिया आ गया था। जांच में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया था। बंडा के सीएचसी अधीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि युवक का साला भी संक्रमित पाया गया है, जबकि चचिया ससुर की रिपोर्ट निगेटिव आई है।